प्राची सेवा ट्रस्ट ने अनाथालय के बच्चों संग मनाया त्योहार, अभिनेत्री संचिता बसु ने बांधी राखी
भागलपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। जिले के नाथनगर स्थित रामानंदी देवी हिन्दू अनाथालय में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्राची सेवा ट्रस्ट द्वारा एक विशेष और भावुक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अनाथालय के बच्चों के साथ मिलकर त्योहार की खुशियां बांटीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री और प्राची सेवा ट्रस्ट की सदस्य संचिता बसु शामिल हुईं।
उन्होंने अनाथालय के बच्चों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राखी बांधने के बाद संचिता बसु ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनके साथ लंबा वक्त बिताया। इस सहृदय प्रयास के लिए रामानंदी देवी हिन्दू अनाथालय के अध्यक्ष संजय कुमार झा ने अभिनेत्री संचिता बसु को स्मारिका भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने प्राची सेवा ट्रस्ट के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को समाज में अकेले न होने का अहसास होता है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भी दोहराया कि वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां लाना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनाथालय के उपाध्यक्ष दिनेश कुमार झा, सदस्य टिंकू यादव और दीपराज भारती की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं, प्राची सेवा ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष सुलेन्द्र यादव, सचिव वीणा कुमारी, कोषाध्यक्ष चंदन सिंह, जुली देवी, अश्वनी कुमार, मोना, और नीतू खुशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस आयोजन ने अनाथालय के बच्चों के चेहरे पर बिखरी मुस्कान के साथ सभी के दिलों को छू लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर