रघुनाथपुर में किराना दुकान में भीषण चोरी, सीसीटीवी तोड़कर ले गए लाखों का सामान

 


सीवान, 23 अप्रैल (हि.स.)।

सीवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर मोड़ के समीप स्थित श्री गंगा किराना दुकान में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया।

चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई जब दुकानदार विनय कुमार दुकान खोलने पहुंचे।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय व्यवसायियों में भय और दहशत का माहौल है। पीड़ित विनय कुमार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा, फिर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान का पिछला दरवाजा भी तोड़ा गया था। चोर जिस लोहे के साबल (औजार) का इस्तेमाल शटर तोड़ने में कर रहे थे, उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।

ग्रामीणों में घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पीड़ित व्यवसायी के यहां यह तीसरी बार आपराधिक घटना हुई है। इससे पहले 12 जनवरी 2024 को रंगदारी को लेकर फायरिंग की घटना हुई थी, वहीं 13 फरवरी 2019 को भी घर खाली होने के दौरान चोरी की वारदात हो चुकी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार हो रही घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

हालांकि, थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रविरंजन सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma