कटिहार में गौशाला की आड़ में पशु तस्करी का बड़ा खुलासा
कटिहार, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौशाला की आड़ में संचालित एक बड़े पशु तस्करी और सरकारी अमानत में ख्यानत के मामले का खुलासा किया है। मुख्य आरोपी मो. महबूब आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गौशाला में कुल 270 मवेशी होने चाहिए थे, लेकिन 155 मवेशियों को बिना किसी कागजात एवं वैध साक्ष्य के अवैध रूप से तस्करी कर दिया गया था। इस संबंध में आजमनगर थाना कांड संख्या-112/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुख्य आरोपी मो. महबूब आलम का आपराधिक इतिहास रहा है, कई मामलों में पहले भी शामिल रहा है। उसके खिलाफ बारसोई, बलरामपुर, कदवा और आजमनगर थानों में विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मो. महबूब आलम अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जिले के विभिन्न थानों में कांड में जब्त मवेशियों को जिम्मेनामा पर रखता था और बाद में उन्हें चोरी-छिपे बेच देता था। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह