जनगणना और सहयोग शिविर में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, बीडीओ ने कहा– कोताही बर्दाश्त नहीं
पूर्णिया, 16 मई (हि.स.)।
जिलाधिकारी के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में फॉर्मर रजिस्ट्रेशन, सहयोग शिविर, जनगणना 2027 तथा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
संबंधित अधिकारियों द्वारा इन कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण एवं औचक निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके।
इसी क्रम में शनिवार को रुपौली प्रखंड विकास पदाधिकारी ने क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद प्रगणक एवं सुपरवाइजर के कार्यों का गहन अवलोकन किया गया।
बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनगणना कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही, शिथिलता अथवा उदासीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसकी सफलता सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर धमदाहा प्रखंड में भी शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में सहयोग शिविर की अद्यतन प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि 19 मई 2026 को पंचायत मोगलिया पुरन्दाहा पूर्व स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर से पहले प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करें।
साथ ही पंचायत सरकार भवन में नियमित रूप से आवेदन प्राप्त करने और शिविर स्थल पर आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह