युवक को पागल करार देते हुए मारपीट,एसपी के पहल पर केस हुआ दर्ज

 


अररिया 25 फरवरी(हि.स.) जिले के सोनामणि गोदाम थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 निवासी काशी साह पिता- स्वर्गीय साधु साह ने गंभीर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। घटना गुरुवार 20 फरवरी दिन की है।मामले को लेकर पीड़ित के परिजन ने सोनामणि गोदाम थाना में आवेदन दिया गया था,लेकिन मारपीट करने वालों के द्वारा परिजन को थाना परिसर से भगा देने के कारण मामला दर्ज नहीं हो पाया,जिसके बाद परिजनों ने एसपी जितेन्द्र कुमार से गुहार लगाई।एसपी के पहल पर चार दिन बाद मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज हो पाई और दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कवायद तेज कर दी है।

आवेदन में बताया गया कि 20 फरवरी को दिन के 11 से 12 बजे के बीच वह सुंदरी मेला से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे पागल कहकर अपमानित किया,विरोध करने पर आरोपियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। पीड़ित का कहना है कि महेश साह ने पहले मारपीट की, फिर अन्य आरोपियों शशि साह, रवि साह, राजू साह ने मिलकर उसे रस्सी से पेड़ में बांध दिया और जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने वीडियो भी बनाया। किसी तरह ग्रामीणों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी।

घटना के बाद पीड़ित ने सोनामणि गोदाम थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी ने आवेदन तो ले लिया परंतु पीड़ित काशी साह के दबाव में केस दर्ज नहीं किया गया।इसके बाद पीड़ित इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचा,जहां जांच में दोनों पैरों और छाती की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है।डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बाहर रेफर कर दिया।

मामले पर एसपी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि युवक के बारे में लोग मानसिक रूप से विक्षिप्त बताते है और आए दिन लोगों से उलझकर मारपीट करता रहता है।एसपी ने कहा कि यदि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है तो उनका इलाज कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर