गंगा नदी में शुरू हुई कार्गो सेवा से लोगों को राहत

 


भागलपुर, 26 मई (हि.स.)।

विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुल पर आवाजाही प्रभावित होने से खासकर चार पहिया और भारी वाहनों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।

इसी परेशानी को देखते हुए सबौर के बाबूपुर गंगा घाट से कार्गो सेवा शुरू की गई है। अब लोग अपने चार पहिया वाहनों और भारी वाहनों के साथ मालवाहक जहाज पर सवार होकर गंगा के इस पार से उस पार जा रहे हैं।

गंगा घाट पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतार लग रही है और लोग घंटों इंतजार कर जहाज के जरिए सफर कर रहे हैं।

कार्गो सेवा शुरू होने से व्यापारियों और वाहन चालकों को काफी राहत मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु की स्थिति के बीच यह सेवा फिलहाल एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है।

कार्गो संचालकों ने बताया कि वर्तमान में दो मालवाहक जहाज कोलकाता से मंगाए गए हैं। जिनकी मदद से वाहनों को पार कराया जा रहा है। जरूरत बढ़ने पर आगे और जहाजों की व्यवस्था भी की जाएगी।

विक्रमशिला सेतु की परेशानी के बीच गंगा घाट पर शुरू हुई यह कार्गो सेवा अब लोगों की आवाजाही का अहम साधन बनती जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर