कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री की बातचीत भारत के हर नागरिक के प्रति जिम्मेदारी का प्रमाण : प्रेम रंजन पटेल

 

पटना, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कैप्टन स्मित मच्छार से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेना और उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करना, प्रधानमंत्री के उस संवेदनशील नेतृत्व का प्रमाण है जिसमें देश का हर नागरिक महत्वपूर्ण है, चाहे वह भारत में हो या देश की सीमाओं से हजारों किलोमीटर दूर।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह पहल केवल एक घायल नागरिक का हालचाल पूछना नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के प्रति सरकार की जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जितनी सराहना की जाए, वह कम है।कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस अदम्य साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए करीब 171 लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों का जीवन बचाने का यह जज्बा भारत की वीरता, संस्कार और मानवीय मूल्यों की पहचान है।प्रधानमंत्री जी ने कैप्टन मच्छार को बहादुर बताते हुए यह भी रेखांकित किया कि उनके साहस से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है। यह केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा गौरवपूर्ण क्षण है।आज जब भारत दुनिया के सामने अपनी क्षमता और सामर्थ्य का परचम लहरा रहा है, तब कैप्टन मच्छार जैसे नागरिक यह साबित करते हैं कि भारत की असली ताकत केवल उसकी तकनीक या अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि उसके नागरिकों का साहस, संवेदना और कर्तव्यबोध भी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कैप्टन मच्छार से संवाद देश के वीर नागरिकों के प्रति सम्मान और भरोसे की राजनीति का उदाहरण है। मोदी सरकार स्पष्ट संदेश दे रही है कि देश का नागरिक कहीं भी हो, संकट की घड़ी में भारत उसके साथ खड़ा है।

कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को पूरा देश सलाम करता है। उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना सभी लोग यह रहे हैं। उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त