सीएपीएफ में करियर को लेकर छात्राओं को किया जागरूक

 




सुपौल, 19 सितंबर (हि.स.)। रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से 18 सितंबर को उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत युवा महिला विद्यार्थियों के लिए कैरियर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में कैरियर के अवसरों की जानकारी देकर उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर की महिला कार्मिकों ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने सीएपीएफ में उपलब्ध विभिन्न पदों एवं कैरियर अवसरों, भर्ती प्रक्रिया, शैक्षणिक व शारीरिक योग्यता तथा चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही सुरक्षा बलों में सेवा के दौरान उपलब्ध विभिन्न अवसरों और जिम्मेदारियों से भी छात्राओं को अवगत कराया गया।

महिला कार्मिकों ने विशेष रूप से सीएपीएफ में महिलाओं की भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और निरंतर प्रयास के माध्यम से छात्राएं सुरक्षा बलों में उज्ज्वल कैरियर बना सकती हैं और राष्ट्र सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

सत्र के दौरान छात्राओं ने सीएपीएफ में कैरियर से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। महिला कार्मिकों ने सभी प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवा महिलाओं में राष्ट्र सेवा के प्रति जागरूकता और उत्साह पैदा करने के साथ उन्हें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में कैरियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र