2.17 किलो गांजा और नकदी के साथ तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 10 सितंबर (हि.स.)। जिले की रौतारा थाना पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर खुदना पेट्रोल पंप के समीप छापेमारी कर मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.17 किलोग्राम गांजा और 6,900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौतारा थाना क्षेत्र के महेशवा गांव निवासी मो. मोजिबुर रहमान (पिता- समसुद्दीन अली) के रूप में हुई है। रौतारा थानाध्यक्ष को पुख्ता सूचना मिली थी कि खुदना पेट्रोल पंप के पास अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस बल के साथ मौके पर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ और विधिवत तलाशी के बाद उसके पास से प्रतिबंधित गांजा व नकदी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह