विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर सारण में कैंडल मार्च का आयोजन

 




सारण, 14 अगस्त (हि.स.)। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आज सारण जिला प्रशासन द्वारा विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों की याद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया।

समाहरणालय सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव सहित सभी वरीय अधिकारियों व कर्मियों ने दो मिनट का मौन धारण कर पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला 20 सूत्री सदस्य जयप्रकाश महतो एवं अरशद परवेज ने विभाजन के दंश को याद करते हुए नई पीढ़ी को सामाजिक एकता का संदेश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि यह दिवस हमें इतिहास के उस दुखद अध्याय को स्मरण करने का अवसर देता है और हमें सामाजिक सौहार्द, भाईचारे व मानवता के मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

संध्या समय जिलाधिकारी के आदेशानुसार म्युनिसिपल चौक से थाना चौक तक एक भव्य कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्काउट एवं गाइड के लगभग 150 बच्चों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर त्रासदी के पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार