छपरा में परीक्षा में ब्लूटूथ लगे चप्पल के साथ अभ्यर्थी गिरफ्तार
सारण, 20 अप्रैल (हि.स.)। सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के तीसरे चरण की परीक्षा के दौरान शहर के साधुलाल पृथ्वी चंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर नकल की एक साजिश को नाकाम कर दिया गया।
जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सघन तलाशी के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने रोहित कुमार नामक एक अभ्यर्थी को हाई-टेक उपकरणों के साथ रंगे हाथ दबोचा। पकड़ा गया अभ्यर्थी रोहित कुमार, सिवान जिले का निवासी बताया जा रहा है। जांच में पाया गया कि उसने अपनी हवाई चप्पल के अंदर ब्लूटूथ डिवाइस बड़ी चालाकी से छिपा रखा था, जबकि उसके पास मौजूद कलम में माइक्रोफोन फिट किया गया था। इस आधुनिक तरीके से वह परीक्षा में चोरी करने की फिराक में था। केंद्र अधीक्षक की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर थाना में अभ्यर्थी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार