कैंसर को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भागलपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। राजकीय इंटर बालिका विद्यालय भागलपुर में गुरुवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान स्कूली छात्राओं को इन गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. रेखा झा, सचिव डॉ. आर.पी. जायसवाल, डॉ. विभा चौधरी, डॉ. संगीता मिश्रा और डॉ. प्रीति शेखर मौजूद रहीं। डॉक्टरों ने छात्राओं को कैंसर के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मौके पर सचिव डॉ. आर.पी. जायसवाल ने बताया कि अब कैंसर से बचाव के लिए दवाइयां और टीकाकरण भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अगर सही समय पर जांच और इलाज हो जाए तो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी बचा जा सकता है। डॉक्टरों ने छात्राओं को स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच पर ध्यान देने की सलाह दी। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें भविष्य के लिए सतर्क करना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर