भारत विकास परिषद ने रामनवमी पर किया कन्या पूजन

 


-शाखा पाँच अति निर्धन कन्याओं के पठन-पाठन का एक वर्ष का उठाएगी खर्चपूर्वी चंपारण,27 मार्च (हि.स.)।चैत्र श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को भारत विकास परिषद के रक्सौल शाखा के तत्वावधान में भव्य कन्या पूजन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शहर के कोईरिया टोला स्थित शिवनारायण निवास परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का संचालन महिला सहभागिता प्रमुख मेनका गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सीमा गुप्ता, किरण गुप्ता, श्वेता रानी, कामिनी सिंह, शकुन्तला देवी, ममता देवी, मीना देवी, बबली सिकारिया, अरुणिमा जायसवाल ने सक्रिय भूमिका निभाई। समारोह में कुल 30 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें उपहार प्रदान किए गए।

पूजन के क्रम में कन्याओं के चरण पखारे गए, उनका श्रृंगार किया गया तथा मां दुर्गा की आराधना के मंत्रोच्चारण के बीच आरती एवं पूजन संपन्न हुआ। तत्पश्चात सभी कन्याओं को भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया और उन्हें पठन सामग्री, फल एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं भेंट की गईं। इस अवसर पर परिषद के सचिव नरेश कुमार, वित्त सचिव सुनील कुमार एवं महिला सहभागिता प्रमुख मेनका गुप्ता ने संयुक्त रूप से विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं सचिव नरेश कुमार ने कन्याओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि कन्याएं अबला नहीं, बल्कि शक्ति स्वरूपा हैं।

महिला सहभागिता प्रमुख मेनका गुप्ता ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा कि नवरात्र में शक्ति की अधिष्ठात्री देवी की आराधना के पश्चात हवन एवं कन्या पूजन का विशेष महत्व है। नारी शक्ति स्वरूपा है और भारतीय संस्कृति में नारी को देवी का स्थान प्राप्त है। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे यौन शोषण, भ्रूण हत्या, दहेज उत्पीड़न आदि—पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों का संरक्षण और सम्मान समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया“बेटी बचायेंगे, तभी सृष्टि बचेगी; बेटियां हैं तो कल है।समाज में बेटियों का सम्मान एवं सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर शाखा के संस्कार संयोजक विजय कुमार साह ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत रक्सौल शाखा द्वारा पाँच अति निर्धन कन्याओं के एक शैक्षणिक वर्ष तक के ट्यूशन शुल्क, पुस्तक, कॉपी, कलम एवं अन्य पठन सामग्री का सम्पूर्ण खर्च वहन किया जाएगा।कार्यक्रम को सफल बनाने में वित्त सचिव सुनील कुमार, सम्पर्क प्रमुख उमेश सिकारिया, नीतेश कुमार सिंह, मनोज कुमार, अजय कुमार,सुभाष अग्रवाल, सुनील कुमार, विजय कुमार साह , विनोद कुमार, अरविंद जायसवाल, विनोद रौनियार, दिनेश प्रसाद, संतोष कुमार एवं अरूण कुमार सहित परिषद के अनेक सदस्यों का कन्याओं को उपहार भेंट के साथ सराहनीय योगदान रहा। इसकी जानकारी परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार