बस-बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत
बेतिया, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बेतिया-लौरिया मुख्य सड़क स्थित चंडाल चौक पर सोमवार सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रही तेज रफ्तार बस और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
मृतक की पहचान साठी थाना क्षेत्र के बहुअरवा वार्ड संख्या 6 निवासी जय प्रकाश राउत के 25 वर्षीय पुत्र नवीन कुमार पटेल के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया स्थित गवर्नमेंट अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, नवीन कुमार पटेल लौरिया थाना क्षेत्र के बेलवा मोड़ स्थित अपने फुआ के घर गया था और वहां से लौटने के दौरान चंडाल चौक के समीप यह हादसा हुआ। बताया जाता है कि सामने से आ रही वाल्मीकि बस (बीआर 06 पीबी 7045) से सीधी टक्कर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर थाना लाया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अब तक इस मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक नवीन अपने परिवार में दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे स्थान पर था तथा वह संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रहा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक