सुपौल में बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक वाहन समेत फरार
सुपौल, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले के करजाईन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बस से हुई टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना सतपोखरिया के पास एनएच-106 पर हुई। मृतक रतनपुर थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव निवासी मोहम्मद कलीमुद्दीन के करीब 24 वर्षीय पुत्र रब्बान अंसारी है।
रब्बान अंसारी सिलाई का काम करता था और कुछ दिन पहले ही मुंबई से अपने गांव आया था। मंगलवार को वह जरूरी काम से बाइक से सिमराही बाजार जा रहा था। सतपोखरिया के पास एनएच-106 पर पहुंचने के दौरान वीरपुर की ओर से सिमराही जा रही राहुल राज नामक बस ने उसकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी गई।सूचना के बाद करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि फरार बस और उसके चालक की पहचान व तलाश के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र