बहादुरगंज में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, एनएच-327ई किनारे अवैध कब्जे हटाए गए
किशनगंज, 13 जून (हि.स.)। जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एलआरपी चौक एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई के किनारे शनिवार को प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-वन खुसरू शिराज के संयुक्त नेतृत्व में चले अभियान के दौरान एनएचएआई और नगर पंचायत की भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पक्के एवं अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एलआरपी चौक के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कई दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया था, जिसके कारण सड़क संकरी हो गई थी और अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती थी।
प्रशासन के अनुसार अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके अलावा नगर पंचायत की ओर से माइकिंग कर भी लोगों को चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग और सार्वजनिक भूमि आम लोगों की सुविधा के लिए हैं तथा इन पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने में हुए खर्च की वसूली संबंधित अतिक्रमणकारियों से की जाएगी। एसडीएम अनिकेत कुमार और एसडीपीओ खुसरू शिराज ने बहादुरगंज थाना पुलिस एवं नगर पंचायत कर्मियों को क्षेत्र में नियमित निगरानी और गश्त के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की सख्ती के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह