हाईवे पर चला बुलडोजर, दाहा पुल से वैशाखी तक अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई

 




सीवान, 09 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर वर्षों से जमे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दहा नदी पुल से वैशाखी तक विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरू किया। कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें एवं अस्थायी ढांचे खुद हटाने लगे।

जानकारी के अनुसार एनएचएआई द्वारा पूर्व में सड़क किनारे अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले लोगों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद मंगलवार दोपहर प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

अभियान के दौरान नवोदय विद्यालय के समीप दहा नदी पुल से लेकर वैशाखी तक सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचों और अतिक्रमण को हटाया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंडाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

एनएचएआई सारण के परियोजना निदेशक सह राजमार्ग प्रशासक राजू कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए राजमार्ग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई एक दिन की नहीं है, बल्कि आगे भी लगातार अभियान चलाकर राजमार्ग की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम को देखते ही कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें और अन्य अस्थायी संरचनाएं हटानी शुरू कर दीं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजमार्ग की भूमि पर अतिक्रमण न करें और अभियान में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma