अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, आधा दर्जन दुकान और मकान ध्वस्त

 


भागलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)।

जिले के सबौर प्रखंड कार्यालय के सामने शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, सबौर अंचलाधिकारी सौरव कुमार, थाना अध्यक्ष सबौर बिट्टू कुमार कमल और जिला के पुलिस बल के नेतृत्व में सरकारी जमीन पर बने आधा दर्जन से अधिक अवैध दुकान और मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी की तैनाती के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया गया। बुलडोजर चलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सबौर अंचलाधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस देकर निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था।

इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। जिसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर