सुल्तानगंज गोलीकांड के मुख्य आरोपी के घर चला बुलडोजर
भागलपुर, 13 मई (हि.स.)। अब बिहार में अपराधियों के घर पर बुलडोजर चलने लगा है। बुधवार को जिले के नगर परिषद सुल्तानगंज गोलीकांड मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामधनी यादव के घर पर बुलडोजर चला दिया।
प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। उल्लेखनीय है कि बीते 28 अप्रैल मंगलवार को नगर परिषद सुल्तानगंज कार्यालय में दिनदहाड़े घुसकर तीन अपराधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार और नगर सभापति राज कुमार गुड्डू को गोली मार दी थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना के 16वें दिन जिला प्रशासन के निर्देश पर अंचल पदाधिकारी अनुज कुमार झा दल-बल के साथ आरोपी रामधनी यादव के घर पहुंचे और बुलडोजर चलवाकर मकान को ध्वस्त कर दिया।
अंचल पदाधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ पहले नापी कर नोटिस चिपकाया गया था। बावजूद इसके अवैध कब्जाधारियों ने जमीन खाली नहीं की। जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि रेलवे की जमीन पर बने अवैध मकानों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान दर्जनों पुलिस जवान और प्रशासनिक कर्मी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई को गोलीकांड के बाद अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर