बुद्ध पूर्णिमा को लेकर गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

 


भागलपुर, 01 मई (हि.स.)। बुद्ध पूर्णिमा को लेकर शुक्रवार को भागलपुर के बरारी गंगा घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

एसडीआरएफ इंस्पेक्टर नीलू कुमार के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम, आपदा मित्र और स्थानीय स्वयंसेवकों को विभिन्न घाटों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से निपटा जा सके। बरारी पुल घाट पर सनोज पासवान और मोहम्मद आबिद को तैनात किया गया है, जबकि सीढ़ी घाट पर अमित कुमार और मुनीलाल साह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं मुसहरी घाट पर तुलसी यादव और सुशील यादव तथा बुढ़ानाथ घाट पर मोहम्मद मुस्तकीम और मोहम्मद अल्ताफ को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।

प्रशासन द्वारा लगातार घाटों की निगरानी की जा रही है और श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर