बजट सत्र : विधानसभा में सत्तापक्ष और विपक्ष में जोरदार बहस

 




पटना, 24 फरवरी (हि.स.)। बिहार विधानमंडल में बजट सत्र के 16वें दिन विधानसभा में मंगलवार को सत्ता पक्ष (मुख्यमंत्री-विजय चौधरी) और विपक्ष के (भाई वीरेन्द्र-कुमार सर्वजीत) के बीच संवाद बहस में बदल गई।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने चौकीदारों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया।

कुमार सर्वजीत ने कहा कि बर्बरतापूर्वक मारा गया, ये सरकार नहीं चलेगी। राजद विधायकों को जवाब देने के लिए विजय चौधरी उठे। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चलेगी तो चौकीदारों की सुनेगा कौन। इतने में मुख्यमंत्री नीतीश भी खड़े हो गए।

उन्होंने भाई वीरेन्द्र को कहा कि आप बैठिए। आपकी संख्या कितनी कम है। आप लोगों ने कभी कोई काम नहीं किया है। नीतीश जब बोल रहे थे तो राजद विधायक सर्वजीत भी खड़े हो गए।

हंगामा बढ़ा तो राजद विधायक वेल की तरफ बढ़ चले और नीतीश होश में आओ के नारे लगाने लगे। जिसके बाद मार्शल को बुलाकर उनकी तख्तियां हटाई गईं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार के बार-बार कहने के बाद विपक्ष के विधायक सीट पर बैठे।

मंत्री विजय चौधरी ने कहा, ‘विपक्ष ने चौकीदार-दफादार की बात उठाई। अगर सरकार प्रदर्शन के खिलाफ होती तो प्रदर्शन को रोक देती। हमारी सरकार ने प्रदर्शन नहीं रोका। सरकार उनकी मांगों पर विचार करेगी।

आज कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष के विधायकों ने पोर्टिको में प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बुधवार को बिहार आ रहे अमित शाह के दौरे को लेकर राजद विधायक ने तीखी टिप्पणी की है। भाई वीरेंद्र ने कहा, 'वो आग लगाने आ रहे हैं। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने आ रहे हैं। उनका काम ही यही है, जहां चुनाव होता है पहुंच जाते हैं। बिहार में कोई घुसपैठियां नहीं है।' वही कल तक मरहुम पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब को राज्यसभा भेजने की बात करने वाले भाई वीरेंद्र आज इस सवाल पर ही भड़क गए। वो पत्रकार की माइक हटाते नजर आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी