महावीरी विद्यालयों की बजट बैठक में 2026-27 सत्र के लिए अर्थ संकल्प पारित

 


सीवान, 26 मार्च (हि.स.)।हेडिंग:

स्थानीय विद्या भारती संचालित महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता के विशाल सभागार में बुधवार को नगर के महावीरी विद्यालयों की प्रबंधन समितियों की महत्वपूर्ण बजट बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न विद्यालयों के अर्थ संकल्प को विचार-विमर्श के बाद पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता लोक शिक्षा समिति, बिहार के प्रांतीय सचिव रामलाल सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं एकात्मता मंत्र के साथ हुई। बैठक में महावीरी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, माधवनगर, बाबा गरीब दास महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर, हकाम एवं महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता सहित अन्य विद्यालयों के संरक्षक, अध्यक्ष, प्रधानाचार्य, कार्यालय प्रमुख एवं प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

इस दौरान पीपीटी के माध्यम से आगामी सत्र में आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों और बजट के महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई। अध्यक्षता कर रहे प्रांतीय सचिव रामलाल सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आलोक में विद्यालयों को अपनी व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने ‘अर्थ’ और ‘अर्थ संकल्प’ की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए समाज और देश की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

बैठक में सभी विद्यालयों के कार्यालय प्रमुखों ने पिछले वर्ष के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया और आगामी सत्र के लिए बजट प्रस्ताव रखा। प्रबंधन समिति के सदस्यों ने गहन चर्चा के बाद आवश्यक संशोधनों के साथ सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन महावीरी विजयहाता के प्राचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन ने किया। बैठक में महावीरी विजयहाता के संरक्षक प्रो. रविंद्र नाथ पाठक, अध्यक्ष डॉ. शरद चौधरी, सचिव शंभू नाथ प्रसाद, महावीरी बालिका विद्यालय के उपाध्यक्ष प्रेमनाथ तिवारी, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार, प्रधानाचार्या सिम्मी कुमारी, महावीरी हकाम विद्यालय की अध्यक्ष शशि कुमारी, सचिव सत्येंद्र तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय पासवान, प्रधानाचार्या सुमन कुमारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक का समापन शांति मंत्र के साथ किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma