श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर में बजट को लेकर प्रबंधकारिणी समिति की हुई बैठक
अररिया, 25 मार्च(हि.स.)।
फारबिसगंज श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर में सत्र 2026-27 के लिए बजट बैठक का बुधवार को आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की उपाध्यक्ष अनीता झा ने की।समिति के कोषाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल ने लोक शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह के मार्गदर्शन में बजट प्रस्तुत किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार मिश्र ने आगामी सत्र की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में स्मार्ट क्लास, डिजिटल क्लास, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला तथा शिशु वाटिका को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन पहलों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध होगी।पूर्णिया विभाग के विभाग निरीक्षक गणेश प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में छात्र विकास, आचार्य विकास एवं भौतिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के संरक्षक डॉ. विमल कांत ठाकुर ने नवीन सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से ध्वनि मत द्वारा बजट पारित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्या भारती के विद्यालय केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि यह विश्व का सबसे बड़ा गैर-सरकारी शिक्षण संस्थान है, जो शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी से मिलकर विद्यालय को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करने का आह्वान किया। मौके पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव डॉ. नेहा राज,सह सचिव राकेश रौशन,सदस्य गुंजन सिंह, अनुज सिंह शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य रामनरेश सिंह, आचार्य प्रतिनिधि श्रीप्रसाद राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर