पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाकेबंदी के दौरान बरामद हुआ मादक पदार्थ
बेतिया, 10 जुलाई (हि.स.) भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इनरवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 46.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
हालांकि पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही तस्कर गांजे से भरे बोरे मौके पर छोड़कर अंधेरे और सीमावर्ती क्षेत्र का लाभ उठाते हुए नेपाल की ओर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात इनरवा थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि नेपाल से गांजे की एक बड़ी खेप सकरौल गांव स्थित छठिया घाट थेथरी नदी पुल के रास्ते भारत लाई जाने वाली है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकेबंदी कर सघन निगरानी शुरू कर दी। शुक्रवार की अहले सुबह तीन संदिग्ध व्यक्ति अपने कंधों पर बोरे लेकर पुल की ओर आते दिखाई दिए।
पुलिस वाहन देखते ही तीनों बोरे फेंककर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन नदी-नहर और सीमावर्ती भौगोलिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर सभी तस्कर नेपाल की ओर फरार होने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छोड़े गए बोरों की तलाशी ली, जिसमें कुल 46.900 किलोग्राम मादक पदार्थ (गांजा) बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया है।
इस संबंध में इनरवा थानाध्यक्ष के बयान पर इनरवा थाना कांड संख्या 99/26 के तहत अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक