नवादा हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
नवादा, 17 अप्रैल (हि.स.)।करीब एक माह पूर्व नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के बदलपुर बधार में गला काटकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक का ही रिश्ते में भतीजा मुख्य आरोपी निकला, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए रजौली के एसडीपीओ गुलशन कुमार और नवादा सदर के डीएसपी राजन कुमार ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बनायाबिगहा गांव निवासी स्व. महावीर प्रसाद के पुत्र अनुज प्रसाद की हत्या कर शव को बदलपुर बधार में फेंक दिया गया था।
इस संबंध में मृतक की पत्नी अंशु देवी ने नरहट थाने में कांड संख्या 95/26 दर्ज कराते हुए संजय प्रसाद पिता अंक्षु महतो को नामजद आरोपी बनाया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संजय प्रसाद को उसी दिन गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
हालांकि, आगे की तकनीकी जांच के दौरान नए तथ्य सामने आए।
इसके आधार पर पुलिस ने मृतक के भतीजे पप्पू कुमार पिता- सुनील प्रसाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया कुट्टी काटने वाला छुरा बरामद किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच रास्ते और पुराने विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव था।
हाल ही में गृह प्रवेश के दौरान हुए विवाद ने इस घटना का कारण बना। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। खून के छींटे कपड़ों पर न पड़ें, इसके लिए उसने घटना के समय केवल जांघिया पहन रखा था। थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन