साले ने बहनोई को मारी गोली, ग्रामीणों ने पकड़कर की पिटाई

 


सीवान, 14 जून (हि.स.)। जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर मठिया गांव में शनिवार की देर शाम आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। साले ने अपने बहनोई को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बहनोई की पहचान महम्मदपुर मठिया निवासी स्वर्गीय दूधनाथ गिरी के पुत्र मंतोष गिरी के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान हरिहरपुर मठिया निवासी परमा गिरी के पुत्र सोनू गिरी के रूप में की गई है।

घायल मंतोष गिरी ने बताया कि शुक्रवार को सोनू गिरी ने अपने पिता परमा गिरी के साथ मारपीट की थी। इस दौरान उसने अपने पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया था और दांत से काटकर लहूलुहान कर दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर वह अपनी पत्नी के साथ हरिहरपुर मठिया पहुंचे और घायल परमा गिरी को अपने घर महम्मदपुर मठिया ले आए, जहां उनका इलाज कराया जा रहा था।

मंतोष के अनुसार, शनिवार की शाम सोनू गिरी उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर वह नाराज हो गया और कहने लगा कि उसके पिता को यहां क्यों लाया गया और उनका इलाज क्यों कराया जा रहा है। काफी समझाने के बावजूद वह नहीं माना और अचानक कमर से हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली मंतोष गिरी को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में आरोपी भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने घायल मंतोष गिरी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर जीबी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma