बीआरसी परिसर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश, तीन दिन का अल्टीमेटम
सुपौल, 07 मई (हि.स.)। वीरपुर के प्रभारी बीईओ राम उदय महतों ने बीआरसी परिसर की खाली जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर चार स्थानीय ग्रामीणों को नोटिस जारी किया है।
जारी पत्र में तीन दिनों के भीतर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है। बीईओ द्वारा स्थानीय ग्रामीण नवल राय, रामजीवन राय, भूषण राय एवं राम भरोस राय को संबोधित पत्र में कहा गया है कि बीआरसी के मुख्य द्वार के सामने स्थित प्रांगण में अवैध रूप से मवेशियों को बांधा जा रहा है। साथ ही वहां मवेशियों के मल-मूत्र का भी जमाव किया जा रहा है, जिससे बीआरसी आने वाले शिक्षकों एवं कर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं बैठकों के आयोजन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। बीईओ ने कहा कि पूर्व में भी उक्त स्थल को खाली कराया गया था, लेकिन दोबारा अवैध कब्जा कर लिया गया है।
प्रभारी बीईओ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि तीन दिनों के भीतर जमीन को अतिक्रमण मुक्त नहीं किया गया तो मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जारी पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, एसडीओ, एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ, थाना अध्यक्ष, स्थानीय मुखिया एवं सरपंच को भी भेजी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र