रबी विपणन मौसम 2026-27: गेहूं खरीद शुरू, पैक्स बने सहारा

 


-किसानों को 48 घंटे में भुगतान का भरोसा

पटना, 01 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में रबी विपणन मौसम 2026-27 के तहत सरकारी स्तर पर गेहूं खरीदारी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बिहार के सहकारिता मंत्री डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी ने बुधवार को जहानाबाद जिले के किनारी पैक्स में गेहूं अधिप्राप्ति अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पैक्स और व्यापार मंडलों के माध्यम से गेहूं की खरीद की जा रही है, ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सीधे मिल सके और उन्हें बिचौलियों पर निर्भर न रहना पड़े।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों को गेहूं बिक्री के 48 घंटे के भीतर उनकी राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और तेज होगी।

उन्होंने बताया कि रबी विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत राज्य में गेहूं खरीद 1 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 15 जून 2026 तक चलेगी। इस दौरान पैक्स, व्यापार मंडलों के साथ-साथ भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) भी चिन्हित प्रखंडों में खरीद प्रक्रिया में भाग लेगा।

भारत सरकार द्वारा इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है। इससे किसानों को बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद है।

मंत्री ने बताया कि इस वर्ष राज्य में गेहूं अधिप्राप्ति का लक्ष्य 0.18 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। इसके लिए पंचायत स्तर पर पैक्स और प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडलों को अधिकृत किया गया है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी पैक्स या व्यापार मंडल में जाकर गेहूं बेच सकते हैं।

सरकार का कहना है कि इस पहल से किसानों को समय पर भुगतान, उचित मूल्य और पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी