भागलपुर में पिकअप वैन और हाइवा की टक्कर में दो लोगों की मौत

 




भागलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। बिहार के भागलपुर जिले में शनिवार तड़के मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर गनगनिया रेलवे स्टेशन के समीप हुए एक सड़क हादसे में सब्जी लदे पिकअप वैन के चालक और सह-चालक (खलासी) की मौके पर ही मौत हो गई। आमने-सामने हुई इस जोरदार टक्कर के बाद पिकअप वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात भी बाधित रहा।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे पिकअप वैन सब्जियों की खेप लेकर जा रही थी। इसी दौरान गनगनिया रेलवे स्टेशन के पास सामने से आ रहे हाइवा से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक और खलासी की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान 23 वर्षीय सुमन कुमार और 24 वर्षीय गुलशन कुमार के रूप में हुई है। सुमन कुमार खगड़िया जिले के मथुरापुर गांव के निवासी थे। उनके पिता का नाम स्वर्गीय दिनेश तांती बताया गया है। वहीं, खलासी गुलशन कुमार बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र के साठा चक्का गांव के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम रामभरोसा दास है।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे दोनों शवों को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हादसे के कारण कुछ समय तक मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप वैन और हाइवा को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी