भाजपा प्रदेश कार्यालय में पुण्यतिथि पर कैलाशपति मिश्र को दी गई श्रद्धांजलि

 


- जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा का किया स्वागत

पटना, 03 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य, गुजरात के पूर्व राज्यपाल और बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कैलाशपति मिश्र के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है।

सरावगी ने कहा कि बिहार में भाजपा को मजबूत आधार प्रदान करने में कैलाशपति मिश्र का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके विचार, आदर्श और संगठन के प्रति समर्पण पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने त्याग, तपस्या और कठिन परिश्रम के बल पर जनसंघ और भाजपा को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने का काम किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया था। इसके बाद भारतीय जनसंघ की स्थापना और उसे मजबूत करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। बिहार सरकार में वित्त मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री के रूप में उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। समर्पित संघ प्रचारक और कर्मठ भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उनका जीवन संगठन के प्रति निष्ठा और राष्ट्रसेवा का उदाहरण रहा।

उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र का योगदान राजनीतिक संगठन के विस्तार तक सीमित नहीं था। उन्होंने अपने विचारों और कार्यों से कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। जनसंघ को मजबूत करने से लेकर भाजपा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।

सरावगी ने कैलाशपति मिश्र की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की बिहार सरकार की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय कैलाशपति मिश्र के अतुलनीय योगदान और उनके विचारों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त