विकसित भारत- जी राम जी योजना काे लेकर प्रशिक्षित हाे रहे पदाधिकारी एवं कर्मी

 


पटना, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार का ग्रामीण विकास विभाग विकसित भारत- जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन काे लेकर गंभीर है और इसी उद्देश्य से पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजना के विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस क्रम में वर्तमान में वीबी-जी राम जी अधिनियम, 2025 के अंतर्गत अनुमेय कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन विषय पर राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 से 16 अक्टूबर 2026 तक पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में आयोजित किया जा रहा है।

बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिला स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों का एक सक्षम समूह तैयार करना है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रत्येक जिले से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, कार्यक्रम पदाधिकारी समेत 5 प्रतिभागियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है, जो प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जिले एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों तथा तकनीकी कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके माध्यम से अधिनियम के तहत अनुमेय कार्यों के क्रियान्वयन में एकरूपता, दक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडीपीआर), हैदराबाद द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। हाल ही में एनआईआरडीपीआर, हैदराबाद द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को पाँच बैचों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बैच में 35 से 40 प्रतिभागियों को शामिल किया गया है।

प्रशिक्षण की समाप्ति के बाद सभी जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत जिला एवं प्रखंड स्तरीय कर्मियों को प्रशिक्षित कर लिया जाना है। ग्रामीण विकास विभाग की इस पहल से वीबी-जी राम जी पदाधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों की क्षमता का विकास करने तथा जिला स्तर पर कार्यान्वयन व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी