बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री के रूप में डॉ. प्रमोद कुमार ने संभाला कार्यभार, अवैध खनन पर सख्ती के दिए संकेत
पटना, 11 मई (हि.स.)। बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सोमवार को पटना स्थित विभागीय कार्यालय में औपचारिक रूप से मंत्री पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने राज्य में पारदर्शी और वैध खनन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में पारदर्शी, व्यवस्थित और जनहितकारी खनन व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता खनन व्यवस्था को नियमसम्मत और जवाबदेह बनाना है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि अवैध बालू खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वैध तरीके से कार्य करने वाले लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को कानून के तहत दंडित किया जाएगा।
डॉ. प्रमोद कुमार ने यह भी कहा कि विभाग द्वारा राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप कार्य किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के साथ राज्य के राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करना है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी