पैरा तैराक शम्स आलम का एशियन पैरा गेम्स-2026 के लिए भारतीय दल में चयन

 




पटना, 04 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के पैरा तैराक शम्स आलम का चयन जापान में 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले एशियन पैरा गेम्स-2026 के लिए भारतीय दल में हुआ है। इस प्रतियोगिता में वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

शम्स आलम के अनुसार, एशियन पैरा गेम्स के लिए यह उनका लगातार तीसरा चयन है। उन्होंने बताया कि बिहार से लगातार तीन बार एशियन पैरा गेम्स के लिए चयनित होने वाले वे पहले पैरा तैराक हैं। यह उपलब्धि राज्य के लिए गौरव का विषय है।

आलम का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय खेल प्रदर्शन रहा है। वर्ष 2018 में आयोजित इंडिया ओपन पैरा स्विमिंग चैम्पियनशिप में उन्होंने चार स्वर्ण पदक प्राप्त किए। वर्ष 2016 में गैटिनो, क्यूबेक, कनाडा में आयाेजित कैन-एम पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया।

उन्होंने 2018 एशियन पैरा गेम्स, जकार्ता, इंडाेनेशिया तथा वल्डर् पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप, मदेरा, पुर्तगाल 2022 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें 3 दिसंबर 2021 को भारत के राष्ट्रपति द्वारा “ बेस्ट स्पाेर्टसमैन विथ डिसब्लिटी एवार्ड ” से सम्मानित किया गया।

एशियन पैरा गेम्स-2026 के लिए चयन पर शम्स आलम ने रविवार काे बयान देते हुए बिहार सरकार के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रदान किए जा रहे सहयोग एवं प्रोत्साहन से उन्हें अपने खेल करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली है। शम्स आलम का एशियन पैरा गेम्स-2026 के लिए भारतीय दल में चयन बिहार के खेल क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा यह राज्य के पैरा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी