नालंदा में महिला पंचायती राज पदाधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
नालंदा, 20 मार्च (हि.स.)। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत सतर्कता जांच ब्यूरो की एक टीम ने नालंदा जिले के नगर नौसा प्रखंड की पंचायती राज पदाधिकारी अनुष्का कुमारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
सतर्कता जांच ब्यूरो को अनुष्का कुमारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके बाद पटना से आई सतर्कता टीम ने जाल बिछाया और इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई के दौरान आरोपित अधिकारी को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। जिस पल वह रिश्वत की रकम ले रही थी, टीम ने तुरंत छापा मारा और उसे पैसों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सतर्कता टीम आरोपित अधिकारी से पूछताछ कर रही है। उसे पटना ले जाया गया है, जहां उसे विशेष सतर्कता अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी