नेपाल में लापता व्यक्तियों की पहचान के लिए बिहार में उनके परिजनों के डीएनए सैंपल संग्रह एवं जाँच की होगी व्यवस्था

 

पटना, 15 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में हाल में हुई भीषण त्रासदी के दौरान लापता हुए व्यक्तियों की पहचान में सहयोग के उद्देश्य से बिहार सरकार के गृह विभाग ने उनके परिजनों के डीएनए सैंपल संग्रह एवं जाँच की आवश्यक व्यवस्था की है।

नेपाल त्रासदी में लापता व्यक्तियों के ऐसे परिजन, जो बिहार में निवास करते हैं और अपने लापता परिजन की पहचान की प्रक्रिया में डीएनए सैंपल उपलब्ध कराना चाहते हैं, उन्हें स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के माध्यम से आवश्यक सहयोग एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

गृह विभाग, बिहार सरकार ने मीडिया के माध्यम से मंगलवार काे संबंधित पीड़ित परिवारों से अपील की है कि वे अपने स्थानीय पुलिस, प्रशासन से संपर्क कर डीएनए सैंपल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्राप्त करें।

विभाग की ओर से संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पीड़ित परिवारों को डीएनए सैंपल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में हरसंभव सहायता प्रदान करें।

डीएनए की जांच विधि विज्ञान प्रयोगशाला, पटना के द्वारा की जाएगी। विशेष जानकारी के लिए कार्यालय अवधि में दूरभाष संख्या 0612-2294073 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी