बिहपुर के रेल यात्रियों की सुविधाओं के लिए मंत्री इं. शैलेंद्र ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

 


भागलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इं. शैलेंद्र ने केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र प्रेषित किया है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न रेल सुविधाओं एवं जनहित की मांगों को स्मारित कराते हुए केंद्रीय मंत्री का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।

उल्लेखनीय हो कि बीते फरवरी माह में भी मंत्री इं. शैलेंद्र ने दिल्ली में केंद्रीय रेलमंत्री से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की मांगों से संबंधित एक मांगपत्र सौंपा था। मंगलवार को भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि मंत्री इं. शैलेंद्र ने पत्र के माध्यम से स्पेशल ट्रेन संख्या 03407 भागलपुर–कटिहार को नियमित करने तथा कटिहार से सुबह 5:30 बजे भागलपुर के लिए ट्रेन का परिचालन शुरू करने की मांग की है। इसके अलावा 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस एवं 15715 गरीब नवाज एक्सप्रेस का अप एवं डाउन दोनों दिशाओं में बिहपुर स्टेशन पर ठहराव, टाटा लिंक एक्सप्रेस का दैनिक परिचालन, जमालपुर/मुंगेर–महेशखूंट ट्रेन का विस्तार बिहपुर तक करने तथा पूर्व की भांति पटना–बिहपुर डीएमयू सेवा को पुनः दैनिक रूप से शुरू कराने की मांग प्रमुखता से की गई है।

ट्रेनों के अलावा मंत्री ने बिहपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक एवं दो के बीच निर्माणाधीन एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) का बाहरी सर्कुलेटिंग एरिया तक विस्तार करने की बात कही है। इसके साथ ही क्षेत्र के किसानों एवं व्यापारियों के हित में मालगोदाम सेवा अविलंब शुरू करने तथा स्टेशन के पश्चिमी केबिन से इमली चौक होते हुए पूर्वी केबिन तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई है।

मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर रेल सुविधाओं, सुगम आवागमन एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनका निरंतर प्रयास जारी रहेगा। प्रो. गौतम ने जानकारी दी कि हाल ही में पटना में मंत्री इं. शैलेंद्र की पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के जीएम डिंपी गर्ग के साथ उपर्युक्त सभी विषयों एवं मांगों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई थी। चर्चा के उपरांत प्रत्येक मांग पर आवश्यक पहल एवं कार्रवाई किए जाने की दिशा में रेलवे की ओर से सहमति भी बनी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर