पटना में 22 जून को अति पिछड़ा सम्मेलन सह अभिनंदन समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक
पटना, 18 जून (हि.स.)। पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में 22 जून को सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाले अभिनंदन सह आभार समारोह एवं अति पिछड़ा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को 27 हार्डिंग रोड स्थित कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि अति पिछड़ा समाज संख्या की दृष्टि से मजबूत है, लेकिन उसकी वास्तविक शक्ति संगठन और एकजुटता में निहित है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास, अधिकारों और सम्मान के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव में अति पिछड़ा समाज के दो प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया गया है, जबकि केंद्र सरकार में भी समाज के 29 प्रतिनिधियों को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है। इसके प्रति आभार व्यक्त करने के लिए 22 जून को यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि इस सम्मेलन में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य शामिल होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
बैठक में बिहार के विभिन्न जिलों से आए अति पिछड़ा समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रमुख लोगों ने भाग लिया। सभी ने सम्मेलन को सफल बनाने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन अति पिछड़ा समाज की एकजुटता, सामाजिक चेतना और भविष्य की दिशा तय करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी