विधानसभा में गूंजा नवादा के रजौली में सड़ा अनाज वितरण का मामला ,जांच के आदेश

 


नवादा, 24 जुलाई (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली प्रखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से लाभुकों को कथित रूप से सड़ा, बदबूदार और निम्न गुणवत्ता का खाद्यान्न उपलब्ध कराए जाने का मामला शुक्रवार को बिहार विधानसभा में गूंज उठा।। रजौली विधायक विमल राजवंशी ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान ध्यानाकर्षण प्रस्ताव देकर सरकार का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकृष्ट कराया है।

विधायक ने अपने सवाल में कहा है कि रजौली, सिरदला और मेसकौर प्रखंड के कई जन वितरण प्रणाली दुकानों पर राज्य खाद्य निगम के गोदामों से लगातार सड़ा, कीड़ेयुक्त और मानकविहीन खाद्यान्न भेजा जा रहा है। इससे गरीब और अंत्योदय परिवारों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होना विभागीय लापरवाही और निगरानी व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।

विधायक ने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषी गोदाम प्रबंधकों, परिवहन एजेंसियों, गुणवत्ता जांच से जुड़े अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार कर्मियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही सभी पीडीएस दुकानों से खराब खाद्यान्न तत्काल हटाकर उसकी जगह मानक गुणवत्ता वाला अनाज उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

इस मुद्दे के विधानसभा में उठने के बाद क्षेत्र के हजारों राशन लाभुकों को उम्मीद जगी है कि अब उन्हें खराब अनाज से निजात मिलेगी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार प्रभावी कदम उठाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन