नीतीश कुमार का ‘‘जीविका माॅडल’’ महिला सशक्तिकरण की दिशा में बना पूरे देश के लिए अनुकरणीय उदाहरण: उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 01 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2006 में महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की सोच के साथ विश्व बैंक के सहयोग से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जीविका कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
समय के साथ यह पहल एक व्यापक सामाजिक एवं आर्थिक अभियान के रूप में विकसित हुई और आज जीविका कार्यक्रम बिहार में महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
जीविका की सफलता ने इसे देश के लिए एक अनुकरणीय माॅडल के रूप में स्थापित किया है और फिर बाद में तत्कालीन केंद्र सरकार द्वारा जीविका के इसी माॅडल को आजीविका के नाम से देशभर में लागू किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने गुरुवार काे बयान जारी कर कहा कि जीविका के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आगामी 2 अक्टूबर को जदयू की ओर से ‘‘नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल’’ कार्यक्रम का पूरे बिहार में जिला स्तर भव्य आयोजन किया जाएगा।
‘‘नीतीश संवाद’’ कार्यक्रम के तहत जीविका कार्यक्रम की सफलता एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी की ओर से मंत्रिगण, विधायकगण एवं विधान पार्षदगण को प्रदेश के विभिन्न जिलों में दायित्व सौंपे गए हैं।
कार्यक्रम को लेकर पार्टी की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस आयोजन को लेकर पूरे प्रदेश में, विशेषकर महिलाओं के बीच, उत्साह का माहौल है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के जीविका माॅडल की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हुई है। अमेरिका के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से प्रकाशित प्रतिष्ठित त्रैमासिक पत्रिका में जीविका की नवाचारी पहल ‘दीदी की लाइब्रेरी’ को स्थान दिया गया। वहीं, विश्व बैंक द्वारा भी समय-समय पर जीविका कार्यक्रम की सराहना की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज बिहार में 13 लाख से अधिक जीविका समूहों से 1 करोड़ 88 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। जीविका के माध्यम से महिलाएं मुर्गी पालन, बकरी पालन, मछली पालन, मधुमक्खी पालन, दुग्ध उत्पादन एवं पौधशाला सहित विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन रही हैं। जीविका के उत्पादों को फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसे ऑनलाइन प्लेटफाॅर्म के माध्यम से भी बाजार उपलब्ध हो रहा है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की इस दूरदर्शी एवं क्रांतिकारी पहल ने करोड़ों परिवारों को गरीबी, लाचारी और पिछडे़पन से बाहर निकलने का अवसर दिया तथा उनके जीवन में विकास और आत्मनिर्भरता की नई रोशनी पहुंचाई। इसी कड़ी में पार्टी द्वारा जिला स्तर पर आयोजित होने वाले ‘‘नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल’’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी