नीतीश कुमार के सपनों को साकार कर रही माैजूदा राजग सरकार : जदयू

 

पटना, 01 अगस्त (हि.स.)।

जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रवक्ता शंभूनाथ सिन्हा एवं प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2025 से 2030 के बीच पांच वर्षों में राज्य के युवाओं को एक करोड़ सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का जो ऐतिहासिक संकल्प लिया था, उसे वर्तमान राजग सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारने का काम कर रही है।

इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार ठोस एवं युवा हितैषी निर्णय ले रही है।

उन्हाेंने कहा विभिन्न विभागों में 1 लाख 72 हजार नई भर्तियों की घोषणा इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के अपने वादे पर गंभीरता से काम कर रही है। इसके अतिरिक्त हाल ही में टीआरई-4 के माध्यम से 32 हजार से अधिक शिक्षकों की बहाली का निर्णय भी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने ने कहा कि राज्य की वर्तमाम राजग सरकार नीतीश कुमार की विकासपरक सोच और जनकल्याणकारी संकल्पों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। सरकार का हर निर्णय बिहार के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से लिया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनडीए सरकार अपने कार्यकाल के दौरान एक करोड़ से अधिक सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से उन्हें अमल में लाकर युवाओं के सपनों को साकार करना है। बिहार में रोजगार सृजन की यह गति आने वाले समय में और तेज होगी तथा इसका लाभ राज्य के लाखों युवाओं को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी