राजनीतिक अवसान के कगार पर राष्ट्रीय जनता दल:शंभूनाथ सिन्हा
पटना, 05 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रवक्ता शंभूनाथ सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला बोला है। बुधवार काे बयान जारी कर उन्हाेंने कहा कि अपने अक्षम नेतृत्व के चलते राष्ट्रीय जनता दल अब राजनीतिक अवसान के कगार पर पहुंच चुका है। वो दिन दूर नहीं जब राजद पूरी तरह बिखर जाएगा।
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता की दी हुई राजनीतिक विरासत ने उन्हें अहंकारी बना दिया है। वो न तो अपने परिवार के साथ न्याय कर पाए और न ही पार्टी के साथ,जिसका परिणाम है कि बीते महीनों में पार्टी के कई कद्दावर नेताओं ने राजद का साथ छोड़ दिया।
उनकी पार्टी एवं कार्यकर्ताओं को जब-जब तेजस्वी यादव की जरुरत महसूस हुई, उन्होंने न तो पार्टी का साथ दिया और न ही कार्यकर्ताओं का। जनता के प्रति पूरी तरह पर गैर जिम्मेदार तेजस्वी यादव पिछले दिनों खत्म हुए विधानसभा के मानसून सत्र से पूरी तरह गायब रहे, ये दिखाता है कि वो जनता की समस्याओं को लेकर कितने अगंभीर हैं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव एक ऐसे सेनापति निकले जो हर मोर्चे पर अपनी सेना को आगे कर खुद पिकनिक मनाने विदेश निकल गए। यही कारण है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में उनका आधार वोट ने भी उनका साथ छोड़ दिया। शोषितों, वंचितों की राजनीति करने का दावा करने वाले तेजस्वी यादव ने बांकीपुर सीट से पिछड़ा समुदाय से आने वाली आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता के चुनावी प्रचार में बिल्कुल भी गंभीरता नहीं दिखाई जिसका परिणाम ये हुआ कि आरजेडी उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई।
आज बिहार की जनता विकास, सुशासन और जवाबदेही की राजनीति के साथ खड़ी है, जबकि आरजेडी अभी भी परिवारवाद और अवसरवादी राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रही है। जनता अब ऐसे नेतृत्व को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है जो केवल राजनीतिक विरासत के भरोसे राजनीति करना चाहता हो।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में विकास और सामाजिक न्याय का नया प्रतिमान स्थापित किया है। दूसरी ओर राजद का नेतृत्व जनता के विश्वास को लगातार कमजोर कर रहा है। आने वाले समय में बिहार की जनता अपने जनादेश से यह स्पष्ट कर देगी कि राज्य की राजनीति में सकारात्मक सोच, विकास और सुशासन ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी