बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करने वाली कांग्रेस को मतदाताओं ने दिखाया आईना : राजीव रंजन प्रसाद
पटना, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने गुरुवार काे जारी बयान में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करने वाली कांग्रेस को जनता ने आईना दिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देशभर में हुए विधान परिषद की 28 सीटों पर बैलेट पेपर के जरिए मतदान करने वाली जनता ने ही उन्हें नकारने का काम किया।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपनी चुनावी रणनीतियों पर गहन आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि देशभर में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस महज एक सीट जीत पायी जबकि उसके द्वारा शासित कर्नाटक में पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। उत्तरप्रदेश में वो एक भी सीट पर चुनाव नहीं जीत पायी जबकि बिहार में पिछले चुनाव में एक सीट पर जीती कांग्रेस को इस बार के चुनाव में करारा झटका लगा और वो अपनी पिछली जीती एक सीट भी गंवा बैठी।
उन्होंने कहा कि बेवजह ईवीएम को मुद्दा बनाने वाली और पूरे देश में बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करने वाली कांग्रेस पार्टी बैलेट पेपर की मदद से हुए चुनाव में भी बुरी तरह हार गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी रणनीतियों पर आत्ममंथन करने की जरुरत है नहीं तो आने वाले दिनों में वो लुप्तप्राय पार्टी हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी