बांकीपुर की जनता को विकास, सुशासन और स्थिरता पर भरोसा, एनडीए प्रत्याशी की रिकाॅर्ड मतों से होगी जीत
पटना, 02 अगस्त (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह ने जारी बयान में कहा कि
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में वोटिंग के दौरान मिले व्यापक जनसमर्थन और क्षेत्र के मतदाताओं के रुझान स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा रिकाॅर्ड मतों से विजय प्राप्त करेंगे।
चुनाव के दौरान विपक्ष द्वारा किए गए दावे, भ्रम फैलाने के प्रयास को जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। बांकीपुर के मतदाताओं ने जाति, भ्रम और नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर विकास, सुशासन, कानून का राज और बिहार की प्रगति के पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त किया है।
बांकीपुर की जनता भली-भांति जानती है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं के सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है। इसी डबल इंजन सरकार के प्रति विश्वास ने मतदाताओं को एनडीए के पक्ष में मजबूती से खड़ा किया है।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि 3 अगस्त को मतगणना के बाद आने वाले परिणाम विपक्ष के सभी दावों को पूरी तरह असत्य साबित करेंगे और एनडीए समर्थित उम्मीदवार ऐतिहासिक एवं रिकाॅर्ड मतों से विजयी होंगे। यह जीत केवल एक प्रत्याशी की नहीं होगी, बल्कि विकास, सुशासन, स्थिरता और जनता के विश्वास की जीत होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी