धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों के हित में लिया गया फैसला : जदयू

 

पटना, 25 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय प्रवक्ता अंजुम आरा ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार हमेशा छात्रों और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी इसी सोच के अनुरूप लिया गया निर्णय है।

अंजुम आरा ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा किसी राजनीतिक दबाव का परिणाम नहीं है। उन्होंने बताया कि इस्तीफे के साथ लिखे गए पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है और स्पष्ट किया है कि यह निर्णय छात्रों के सम्मान और उनके हितों को ध्यान में रखकर लिया गया है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों के हित में पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान और छात्रों के प्रति उनके समर्पण को सम्मान की दृष्टि से देखा जाना चाहिए।

विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे इस आरोप पर कि सरकार दबाव में झुकी है, अंजुम आरा ने कहा कि यह दावा पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार पहले भी छात्रों और युवाओं के हित में निर्णय लेती रही है और आगे भी जनहित तथा छात्र हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करती रहेगी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी