डाॅ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर नीतीश कुमार ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
पटना, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महान समाजवादी चिंतक एवं विचारक स्व. डाॅ. राम मनोहर लोहिया जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों, सिद्धांतों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके आजीवन संघर्ष को स्मरण किया।
नीतीश कुमार ने कहा कि डाॅ. राम मनोहर लोहिया ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक विषमता, अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समानता, सामाजिक न्याय तथा जनकल्याण पर आधारित समाज की स्थापना के लिए समर्पित किया। उनकी समाजवादी विचारधारा ने राजनीति को समाज के वंचित, उपेक्षित और कमजोर वर्गों के अधिकारों से जोड़ने का काम किया। वे ऐसी व्यवस्था के पक्षधर थे, जिसमें सामाजिक और आर्थिक असमानताओं को दूर कर प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के समान अवसर प्राप्त हों।
उन्होंने कहा कि डाॅ. लोहिया के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को न्यायपूर्ण, समतामूलक एवं संवेदनशील बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उनके सिद्धांत हमें यह प्रेरणा देते हैं कि लोकतंत्र की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए तथा उसे सामाजिक सम्मान, समान अवसर और अपने अधिकारों के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले।
नीतीश कुमार जी ने कहा कि डाॅ. लोहिया जी की समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता और समानता पर आधारित समाज का उनका स्वप्न हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक विषमता को दूर करने, वंचित वर्गों के हितों की रक्षा करने और विकास का लाभ समाज के हर तबके तक पहुँचाने के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी