‘नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल’ को पूरे बिहार में उत्सव के रूप में मनाएंगे: उमेश सिंह कुशवाहा

 




पटना, 19 सितंबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में शनिवार काे 2 अक्टूबर को सभी जिलों में आयोजित होने वाले ‘नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम को लेकर सभी जिलों से आईं महिला नेताओं एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई ।

बैठक में मुख्य रूप से जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री शीला मंडल, मंत्री लेशी सिंह, मंत्री डाॅ श्वेता गुप्ता, विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित विधायक एवं विधानपार्षद मौजूद रहे।बैठक में ‘नीतीश संवाद’ को उत्सव के रूप में मनाने और इसकी सफलता सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मौके पर उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि ‘नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल’ को पूरे बिहार में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में सत्ता की बागडोर संभालने के बाद नीतीश कुमार ने वर्ष 2006 में जीविका कार्यक्रम की शुरुआत की। इसका मूल उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी देना था। आज 13 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बिहार की एक करोड़़ 88 लाख से अधिक महिलाएं जीविका से जुड़़कर आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हुई हैं।

कुशवाहा ने कहा कि जीविका की सफलता और महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को देखते हुए बाद में केंद्र सरकार ने इसी माॅडल को आजीविका के रूप में पूरे देश में लागू किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति क्या थी, यह किसी से छिपा नहीं है लेकिन वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार ने अपने बीते 20 वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं को न्याय, सम्मान और गरिमा दिलाने तथा उनकी उम्मीदों को नई उड़़ान देने के लिए जिस प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है, उसका दूसरा उदाहरण पूरे देश में नहीं मिलता।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ‘नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं तक यह संदेश पहुंचाना है कि नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई जीविका ने महिलाओं के जीवन में कितना व्यापक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़़ना है और इसकी ऐतिहासिक सफलता सुनिश्चित करनी है।

शिवरानी प्रजापति ने कहा कि नीतीश कुमार ने बीते 20 वर्षों में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इसमें जीविका कार्यक्रम की भूमिका सबसे अहम रही है। उन्होंने कहा कि ‘नीतीश संवाद - जीविका के 20 साल बेमिसाल’ के माध्यम से जीविका की उपलब्धियों और महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी