राष्ट्र के विकास को गति देने में अभियंताओं का योगदान महत्वपूर्ण: नीतीश कुमार

 


-अभियंता दिवस पर नीतीश कुमार ने विश्वेश्वरैया को किया नमन, अभियंताओं को दी शुभकामनाएं

पटना, 15 सितंबर (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने मंगलवार को भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने अभियंता दिवस के अवसर पर बिहार सहित देशभर के सभी अभियंताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जदयू की ओर से जारी बयान में नीतीश कुमार ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और विकास में भारत रत्न एम. विश्वेश्वरैया का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनकी दूरदृष्टि, तकनीकी दक्षता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने देश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि विश्वेश्वरैया की स्मृति में मनाया जाने वाला अभियंता दिवस देश के विकास में अभियंताओं की भूमिका और उनके योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। अभियंताओं ने देश में आधारभूत संरचना के निर्माण से लेकर आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, नवाचार और जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सहित पूरे देश में सड़क, पुल, भवन, सिंचाई, ऊर्जा, जलापूर्ति, परिवहन और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास में अभियंताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। तकनीकी विशेषज्ञता के साथ उनकी कार्यकुशलता और नवाचार की क्षमता विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद करती है।

जदयू अध्यक्ष ने कहा कि बदलते समय के साथ तकनीकी क्षेत्र में चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इनके साथ नई संभावनाएं भी पैदा हो रही हैं। आधुनिक तकनीक, डिजिटल नवाचार और वैज्ञानिक सोच के बढ़ते प्रभाव के बीच अभियंताओं की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। ऐसे समय में अभियंताओं की विशेषज्ञता, रचनात्मक सोच और नवाचार देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

नीतीश कुमार ने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए तकनीकी क्षमता को मजबूत करना जरूरी है। इस दिशा में अभियंताओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश के अभियंता अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार के माध्यम से विकास की गति को और तेज करेंगे तथा समाज के व्यापक हित में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी