मेरी हर उपलब्धि बिहारवासियों को समर्पित, उनका भरोसा ही मेरी पूंजी: नीतीश कुमार

 

पटना, 17 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एव जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि विकसित और समृद्ध बिहार ही मेरे जीवन का उद्देश्य रहा है।

अपने दो दशकों के कार्यकाल में मैंने हर दिन दिन केवल यही सोचा कि बिहार विकास के हर पैमाने पर कैसे आगे हो और अपना पुराना गौरव हासिल करे। मैं अपने 20 वर्षों के कार्यकाल की हर उपलब्धि बिहारवासियों के प्रेम और विश्वास को समर्पित करता हूँ। करोड़ों बिहारवासियों का भरोसा ही मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। नीतीश कुमार ने शनिवार काे बिहार के गया जी जिले में 2005 से 2025 के दौरान उनकी ओर से बिहार में किए गए विकास-कार्यों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी कार्यक्रम का उदघाटन करते हुए यें बातें कही।

इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से लगाई गई इस चार दिवसीय प्रदर्शनी ‘‘20 साल बेमिसाल’’ का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 में जब हमें बिहार की सेवा का अवसर मिला, तब बिहार की स्थिति क्या थी, यह किसी से छिपा नहीं है। हमने सुशासन और न्याय के साथ विकास के मंत्र को लेकर काम शुरू किया। 20 साल में हमलोगों ने कई पड़ाव जरूर पार किए हैं, लेकिन सफर अभी भी बाकी है। मुझे खुशी है कि वर्तमान एनडीए सरकार उस सफर को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार अभी और कई ऊँचाइयों को छुएगा।

उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनी में 2005 से 2025 के दौरान बिहार में हुए युगांतरकारी कार्यों को चित्रों एवं विभिन्न कलाकृतियों के माध्यम से दर्शाया गया है। साथ ही इस पर आधारित गीत और पम्फलेट भी तैयार किए गए हैं। प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में जदयू के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, जीविका के माध्यम से महिलाओं की आत्मनिर्भरता, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आदि सुविधाओं का विस्तार, साइकिल एवं पोशाक योजना, कानून-व्यवस्था में सुधार, कृषि, उद्योग, रोजगार के क्षेत्रों में काम, सामाजिक सद्भाव, जल-जीवन-हरियाली, शराबबंदी, दहेजबंदी, बाल विवाह-उन्मूलन, महिला रोजगार योजना, गंगाजल का गया, बोधगया, नालंदा और नवादा पहुँचना आदि विकास-कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया है।

नीतीश कुमार ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इस पहल के लिए सभी कार्यकर्ताओं की सराहना की।

मौके पर विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय गांधी, विधायक मनोरमा देवी, जदयू के प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के महासचिव हरेन्द्र बहादुर सिंह एवं गया जदयू जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा सहित कई बडे नेखा माैजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी