तिरहुत प्रमंडल के जिलाध्यक्षों-प्रखंड अध्यक्षों के साथ निशांत कुमार ने की बैठक, संगठन मजबूती पर जोर
पटना, 27 मार्च (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बिहार प्रदेश संगठन को और अधिक मजबूत, धारदार एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से निशांत कुमार ने तिरहुत प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले आठ जिलों-बगहा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मुजफ्फरपुर महानगर एवं वैशाली के जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों के साथ शुक्रवाार काे गहन विचार-विमर्श किया।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयाेजित
बैठक में सबसे पहले पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय झा ने निशांत कुमार को पार्टी की सक्रिय सदस्यता दिलाई।
बैठक को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी उपलब्धियों को घर-घर तक पहुँचाने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राज्य की जनता ने वर्षों तक उनके पिताजी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वही स्नेह और विश्वास आगे भी बना रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा पार्टी में सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा स्थापित की है और वे भी उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए पार्टी के समर्पित, वरिष्ठ एवं जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही कार्य करेंगे।
जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि आगामी दिनों में वे जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ‘जनसुनवाई कार्यक्रम’ की शुरुआत करेंगे, जिसके माध्यम से राज्य की जनता अपनी शिकायतों और समस्याओं को लेकर सीधे उनसे संपर्क कर सकेगी। साथ ही उन्होंने जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों से भी अपने-अपने जिलों और प्रखंडों में जनसुनवाई कार्यक्रम प्रारंभ करने का आग्रह किया, ताकि आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने नव-निर्वाचित जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों को नए कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हम सभी को एकजुट होकर माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना है तथा उनके कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना है।
बैठक के दौरान उपस्थित जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों ने भी अपने-अपने जिलों की संगठनात्मक स्थिति से निशांत कुमार को अवगत कराया। सभी पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जिला संगठन में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत, सुदृढ़ एवं प्रभावशाली बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक में विधान परिषद मे पार्टी के उपनेता ललन सर्राफ, विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ ‘गांधीजी’, अनिल कुमार सहित संबंधित जिलाें के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी