बांकीपुर में धनकुबेर नहीं गरीब कार्यकर्ता को चुनेगी जनता, परिणाम आना बाकी जीत तय: जदयू
पटना, 24 जुलाई (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) से विधान पार्षद सह मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बांकीपुर की जनता विधानसभा उपचुनाव में एनडीए समर्थित नीरज कुमार सिन्हा जैसे एक गरीब और साधारण कार्यकर्ता को अपना जीत का आशीर्वाद देगी ना कि करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने वाले जन सुराज प्रत्याशी और राजद प्रत्याशी जैसे धनकुबेर को।
शुक्रवार काे पार्टी कार्यालय में प्रेस काे संबाेधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभी परिणाम आना बाकी है लेकिन एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत तय है।
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बांकीपुर चुनाव से उनकी दूरी कई सवाल खड़े करती है। क्या तेजस्वी यादव इसलिए चुनाव प्रचार से दूर हैं क्योंकि उनकी पार्टी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता पिछड़ा वर्ग समुदाय से आती हैं? आश्चर्य की बात यह है कि उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से भी रेखा गुप्ता के समर्थन में जनता को संबोधित करना उचित नहीं समझा। इससे स्पष्ट है कि राजद का सामाजिक न्याय केवल नारों तक सीमित है, व्यवहार में नहीं।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रमुख उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए समर्थित उम्मीदवार की कुल संपत्ति 22.62 लाख रुपये, राजद उम्मीदवार की कुल संपत्ति 9.89 करोड़ रुपये, जबकि जन सुराज प्रत्याशी एवं उनकी पत्नी की घोषित कुल संपत्ति 198.66 करोड़ रुपये है। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि राजनीति में पारदर्शिता की बात करने वाले जन सुराज प्रत्याशी की इतनी अकूत संपत्ति और आय का राज क्या है?
उन्हाेंने कहा चुनावी हलफनामे के अनुसार एनडीए उम्मीदवार के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, राजद उम्मीदवार के खिलाफ एक मामला दर्ज है, जबकि जन सुराज प्रत्याशी के खिलाफ 8 मामले दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी का मामला भी शामिल है। जो व्यक्ति स्वयं इतने गंभीर सवालों के घेरे में हो, वह नैतिकता का प्रमाणपत्र बांटने का अधिकार कैसे रखता है?
प्रेस वार्ता में पार्टी विधायक विनय कुमार चाैधरी, पार्टी विधायक विजय सिंह निषाद, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बबलू मंडल भी माैजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी